हिमाचल में कारपेंटर के बेटे ने रचा इतिहास, 12th के रिजल्ट में अब तक कोई नहीं कर पाया ऐसा
धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 12वीं के नतीजे जारी किए. अहम बात है कि पहली बार आर्ट्स स्ट्रीम के बच्चे अंशित कुमार ने टॉप किया और वह पूरे प्रदेश में सभी स्ट्रीम में टॉप स्थान हासिल किया. अब तक साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के बच्चे ही टॉपर बनते आए हैं.
जानकारी के अनुसार, कांगड़ा के सुलह विधानसभा क्षेत्र के गुग्गा सलोह के रहने वाले अंशित ने इतिहास रच दिया. वह पीएम श्री भवारना स्कूल में पढ़ते हैं. अंशित ने आर्ट्स में 500 में से 496 (99.2%) हासिल किए. अंशित के पिता लवेश कुमार कारपेंटर की नौकरी करते हैं. वहीं, माता निशा कुमारी गृहणी हैं.
बताया जा रहा है कि अंशित बचपन से ही होनहार है और दसवीं में उसने 700 में से 674 अंक हासिल किए थे. मीडिया से बातचीत में अंशित ने बताया कि वह बड़े होकर आईएएस अधिकारी बनना चाहता है. अपनी सफलता का राज बताते हुए अंशित ने कहा कि वह प्रतिदिन 5 से 6 घंटे की पढ़ाई करता था. मोबाइल फोन के इस्तेमाल के सवाल पर अंशित ने कहा कि वह रोजाना 1 से डेढ़ घंटे ही फोन का इस्तेमाल करता है. अंशित ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता पिता और टीचर्स को दिया. अंशित की एक छोटी बहन भी है. अंशित ने बताया कि सेल्फ स्टडी की और कोई ट्यूशन नहीं ली. वह रात को 11 बजे सो जाते थे और सुबह पांच बजे उठते हैं. उसने सोचा था कि वह नंबर आएंगे और उनकी पूरी कोशिश थी.