शिमला रिज मैदान पर होगा स्व. राजा वीरभद्र सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण, 13 अक्टूबर को होगा ऐतिहासिक आयोजन
शिमला: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, जननायक एवं प्रदेश की राजनीति के लोकप्रिय चेहरे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण अब 13 अक्टूबर, 2025 (सोमवार) को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर किया जाएगा। इस भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन की जानकारी वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष तथा प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी।
पहले जन्मदिवस पर होना था आयोजन
मूल रूप से यह अनावरण समारोह राजा वीरभद्र सिंह जी के जन्मदिवस 23 जून, 2025 को प्रस्तावित था। किंतु हिमाचल प्रदेश में उस समय आई भीषण वर्षा व प्राकृतिक आपदा तथा जान-माल की भारी क्षति को देखते हुए, फाउंडेशन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से आयोजन को स्थगित करने का निर्णय लिया।
आपदा राहत में फाउंडेशन का योगदान
राजा वीरभद्र सिंह जी की जनसेवा और परंपरा का सम्मान करते हुए, वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आकर ₹11 लाख की राशि उपायुक्त मंडी को अर्पित की। यह राशि विशेष रूप से उन बच्चों की शिक्षा पर खर्च की जाएगी, जिन्होंने इस त्रासदी में अपने माता-पिता को खो दिया।
कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व होगा शामिल
आयोजन की नई तिथि पर कांग्रेस उच्च कमान की सहमति और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के परामर्श के बाद यह समारोह 13 अक्टूबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा (सांसद, लोकसभा) मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी श्रीमती रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा सिंह, तथा कई विशिष्ट अतिथि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का भी स्वास्थ्य की अनुमति मिलने पर समारोह में शामिल होना प्रस्तावित है।
प्रदेशवासियों को आमंत्रण
वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुजनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनने का आमंत्रण दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह क्षण न केवल कांग्रेस परिवार बल्कि संपूर्ण हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व और भावनाओं से जुड़ा अवसर होगा, जिसमें हम सब मिलकर स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह जी के योगदान को याद करेंगे।
Yo, 677betcasino? That’s a new name. Gotta admit, I’m intrigued. Worth a punt, maybe? Check it, see what you think 677betcasino